Sahibganj: दुनिया की सबसे लंबी जलयात्रा पर निकली गंगा विलास क्रूज यूपी-बिहार को पार करते हुए तय समय से तीन दिन पहले ही शुक्रवार यानी 20 जनवरी की शाम करीब 6.35 बजे झारखंड के साहिबगंज के समदा घाट पहुंच गया। पहले क्रूज के 23 जनवरी को गंगा के रास्ते यहां पहुंचने की बात कही गई थी। साहिबगंज पहुंचने से पहले क्रूज गुरुवार की रात बटेश्वरस्थान (कहलगांव) में रूका था। यहां मल्टी मॉडल टर्मिनल से पहले समदा घाट पर रात को क्रूज का स्टॉपेज कराया गया है। उपायुक्त सहित जिले के अन्य पदाधिकारियों ने क्रूज पहुंचने पर मल्टी मॉडल बंदरगाह पहुंचे। डीसी रामनिवास यादव ने बताया कि शनिवार की सुबह 8.30 बजे क्रूज पर सवार सैलानियों का स्वागत करने के बाद आगे के लिए रवाना कर दिया जाएगा। गंगा विलास क्रूज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 13 जनवरी को वर्चुअल मोड पर झंडी दिखाकर वाराणसी से रवाना किया था। करीब 3,200 किमी की यात्रा के दौरान क्रूज बांग्लादेश होते 52 दिनों में डिब्रूगढ़ (असम) पहुंचेगा। इस दौरान भारत और बांग्लादेश में 27 नदी प्रणालियों को पार करते क्रूज विश्व धरोहर स्थलों, राष्ट्रीय उद्यानों, नदी घाटों और पटना, साहिबगंज, कोलकाता, ढाका सहित 48 पर्यटन स्थलों से गुजरेगा। क्रूजर में तीन डेक और 18 सुइट्स हैं। इसमें 36 पर्यटकों को ले जाने की क्षमता है। पहली यात्रा में स्विट्जरलैंड के 32 पर्यटक शामिल हैं। इनमें स्विट्जरलैंड के 27 व जर्मनी के 5 सैलानी हैं। 36 क्रू मेंबर भी इसमें सवार हैं। क्रूज पर विदेशी सैलानियों के सवार रहने से सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *