बोकारो जिले के कसमार प्रखंड अन्तर्गत बगदा पंचायत के गुजरमोड़ बगदा और लोधकियारी के बीच धोबी नाला पुलिया के पास तेज बारिश होने के कारण पक्की सड़क ध्वस्त हो जाने के बाद उस रास्ते से चार पहिया वाहनों का आवागमन कई दिनों से बाधित था। इसको देखते हुए लोधकियारी के शेखर प्रसाद महतो , समरेश महतो तथा डाॅ विनोद कुमार की पहल पर लोधकियारी व भवानीपुर गांव के एक दर्जन से ज्यादा युवकों की टोली ने ध्वस्त सड़क को श्रमदान के जरिए मिट्टी काटकर तथा बोरी में बालू मिट्टी भरकर सड़क को बना कर मिशाल कायम किया। सड़क बनाने से लोधकियारी, भवानीपुर, बालाबहियार, डमरूगोड़ा, समेत कई गांव व टोलों में उत्साह के साथ इस नेक काम के लिए लोगों ने बधाई दी है। लोगों ने कहा कि शासन-प्रशासन विकास के नाम पर भले लाख दावे कर ले, पर गांव व टोलों की सच्चाई कुछ और ही है। जो समस्याएं दशकों पहले थी वह समस्या आज भी गांव में कायम है। श्रमदान में लोधकियारी गांव के शेखर प्रसाद महतो, समरेश महतो, डाॅo विनोद कुमार, दिनेश मुर्मू, संदीप, धनु , धर्मेन्द्र, रविसर , गणेश, नंदकिशोर तथा भवानीपुर के गोपाल महतो, गुलाब चन्द्र महतो, मिथुन, राजेश, जगरनाथ, मधुसूदन सहित कई युवाओं का अहम योगदान रहा।