बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को प्रखंड पंचायत समिति की हुई बैठक हंगामेदार रही। गागी हाट का अतिक्रमण करने और पंचायत समिति राशि के उपयोग में बरती गई अनियमितता का मामला छाया रहा। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख शारदा देवी ने की। बैठक में विधायक प्रतिनिधि महेंद्र कश्यप और सांसद प्रतिनिधि संजय गुप्ता ने कहा कि समिति के सदस्यों के अधिकारों का हनन करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग किया है। उन्होंने बिना सदस्यों के अनुमोदन के 20 लाख रुपये की निकासी कर प्रखंड परिसर में काम किया गया। साथ ही उक्त स्थल पर बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। उन्होंने आगामी बैठक में किये गए कार्यो की प्रतिवेदन प्रस्तुत करने की मांग सदन की। अंगवाली दक्षिणी पंचायत सदस्य जीतलाल सोरेन ने कहा कि कई जगहों पर पाइपलाइन का कार्य अपूर्ण है। स्वच्छता विभाग द्वारा डुमरियताण्ड गांव में लैब भवन के निर्माण कार्य में गुणवत्ता को दरकिनार कर भवन बनाया जा रहा है। इस पर कनीय अभियंता ने कहा कि इस तरह की कोई बात है तो जांच कराई जाएगी। सांसद प्रतिनिधि सुधीर सिन्हा ने गागी बुंडू हाट को अतिक्रमण मुक्त करने और अपने भवन के पीछे सीढ़ी निर्माण की जांच अंचलाधिकारी से कराने की मांग की। सीओ ब्रजेश श्रीवास्तव ने निर्माण कार्य की जांच करने की बात कही। खेतको पंसस जाफर अली ने बीआरसी कर्मियों के द्वारा आवेदन नहीं लेने की शिकायत की। बैठक में पदाधिकारी ने मनरेगा, स्वास्थ्य विभाग, आंगनवाड़ी, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। मौके पर उपप्रमुख सीमा देवी, अंचलाधिकारी ब्रजेश श्रीवास्तव, सांसद प्रतिनिधि सुधीर कुमार सिन्हा, संजय गुप्ता, एसआई चन्दन भारती, मो.गुलाम रसूल सहित विभिन्न पंचायतों के पंसस मौजूद थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *