बोकारो के बारी को-ऑपरेटिव कॉलोनी के समीप फोरलेन में सड़क हादसे में रिटायर्ड एसबीआइ कर्मचारी अनिल कुमार की हो गयी मौत। बारी को-ऑपरेटिव कॉलोनी से लौट रहे थे सेक्टर पांच स्थित अपने आवास।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
बोकारो : बोकारो के बारी को-ऑपरेटिव कॉलोनी के समीप फोरलेन में शुक्रवार को दोपहर सड़क हादसे में रिटायर्ड एसबीआइ कर्मचारी अनिल कुमार की मौत हो गयी। स्थानीय लोग दुर्घटना के बाद फोरलेन पर एकत्रित हो गये। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कुछ देर के लिए फोरलेन को जाम कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर बोकारो स्टील सिटी थाना के इंस्पेक्टर संजय कुमार, सेक्टर 12 इंस्पेक्टर दुल्लड चौडे व एसआइ नेयाज अहमद स्थल पर पहुंचे। जाम को खत्म कराया। इसके बाद आवागमन बहाल हुई।

सेवा केंद्र में कर रहे थे ऑडिट का काम
जानकारी के अनुसार बारी को-ऑपरेटिव मोड़ के समीप से एसबीआई के रिटायरकर्मी 62 वर्षीय अनिल कुमार मोटर साइकिल से गुजर रहे थे। उसी वक्त ट्रक (जेएच02भी-9151) ने चपेट में ले लिया। दुर्घटना में मौके पर ही अनिल कुमार की दर्दनाक मौत हो गयी। मृतक रिटायरमेंट के बाद ग्राहक सेवा केंद्र में ऑडिट का काम करते थे। बीएस सिटी थाना पुलिस घटना के बाद घायल अनिल कुमार को सदर अस्पताल ले गयी। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पुत्र की पांच दिसंबर को हुई थी शादी
मृतक अनिल कुमार सेक्टर पांच स्थित आवास में परिवार के साथ रहते थे। मृतक के पुत्र की शादी पांच दिसंबर को ही हुई थी। गुरूवार को ही मृतक के पुत्र अपने दुल्हन को लेकर सेक्टर पांच स्थित आवास बोकारो पहुंचा था। पुलिस ने कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं, ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *