Bihar CM News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को गोपालगंज जिले से प्रगति यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने गोपालगंज जिले में करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से 72 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को गोपालगंज जिले से प्रगति यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने गोपालगंज जिले में करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से 72 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें 7,169.080 लाख रुपये की लागत से 61 योजनाओं का उद्घाटन तथा 6733.670 लाख रुपये की लागत से 11 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
21.60 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित भवनों व हॉस्टल का किया उदघाटन
मुख्यमंत्री ने सात निश्चय के तहत 21.60 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिधवलिया गोपालगंज के प्रशासनिक भवन, कर्मशाला भवन, स्टाफ हॉस्टल, कैंटीन ब्लॉक, प्राचार्य आवास, उप प्राचार्य आवास, चहारदीवारी, पहुंच पथ, स्थल विकास का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद सीएम ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया।
विकासात्मक योजनाओं का लिया जायजा
इसके बाद सीएम ने सिधवलिया प्रखंड के ग्राम पकड़ी के पोखरा टोला का भ्रमण कर कराए गए विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। जायजा के क्रम में मुख्यमंत्री ने जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत जीर्णोद्धार कराए गए पकड़ी पोखर का मुआयना किया। मुख्यमंत्री ने वार्ड संख्या-8 में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी अवलोकन किया।
1431 परिवारों को दिया गया सांकेतिक चेक
मुख्यमंत्री ने सतत् जीविकोपार्जन योजना के तहत जिले के कुल 1431 परिवारों को 4 करोड़ 31 लाख 11 हजार 755 रुपये का सांकेतिक चेक भी प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने गोपालगंज जिले में जल-जीवन-हरियाली अभियान के सतह निर्मित 3 जलाशयों को विजयीपुर प्रखंड में जीविका संपोषित ग्राम संगठनों को अगले 5 वर्षों के लिए निःशुल्क आवंटन से संबंधित स्वीकृति पत्र जीविका दीदियों को प्रदान किया। 7050 जीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 40280 जीविका दीदियों को बैंक लिंकेज के द्वारा आर्थिक सहयोग से संबंधित 141 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक मुख्यमंत्री ने प्रदान किया। प्रगति यात्रा के क्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में ये थे मौजूद
मौके पर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, सांसद डॉ आलोक कुमार सुमन, विधान पार्षद बीरेंद्र नारायण यादव, पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी, पूर्व विधायक मंजीत सिंह, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Leave a Reply