Independence day Bokaro में हर्षोल्लास से मनाया गया। मंत्री बेबी देवी ने सेक्टर 12 पुलिस लाइन मैदान में तिरंगा फहराया और परेड का निरीक्षण किया।

 

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

 

Bokaro: बोकारो जिले में जश्न-ए- आजादी धूमधाम से मनाया गया। जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर सेक्टर 12 पुलिस लाइन स्थित मैदान में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री बेबी देवी ने तिरंगा फहराया और परेड का निरीक्षण किया। मौके पर उपायुक्त कुलदीप चौधरी, एसपी प्रियदर्शी आलोक, डीडीसी कीर्तिजी, अपर समाहर्ता सादात अनवर, चास एसडीओ दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, चास अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह सहित अन्य जिले के पदाधिकारी मौजूद थे।

समारोह में शहर के वासियों ने हिस्सा लिया। परेड में 10 प्लाटून ने हिस्सा लिया। इनमें जिला सशस्त्र बल का दो प्लाटून, सीआरपीएफ का एक प्लाटून, सीआइएसएफ का एक प्लाटून, गृह रक्षा वाहिनी का एक प्लाटून, एनसीसी का एक प्लाटून व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का चार प्लाटून शामिल है। समारोह में राष्ट्रीय गान डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने गाया। वहीं, उपायुक्त ने जिला समाहरणालय व गोपीनय कार्यालय में, एसपी ने एसपी कार्यालय, डीडीसी ने जिला परिषद, एसी ने जिला नियंत्रण कक्ष में व एसडीओ ने चास एसडीओ कार्यालय में झंडोत्तोलन किया। इस मौके पर दोपहर में मोहनकुमार मंगलम स्टेडियम में सेल बनाम जिला प्रशासन के बीच मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम आयोजित

स्वतंत्रता दिवस पर बोकारो क्लब में सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रंजना अस्थाना, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, चास अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में संत जेवियर स्कूल, जीजीपीएस सेक्टर 5, चिन्मया विद्यालय, एमजीएम स्कूल, डीपीएस बोकारो, डीएवी सेक्टर 4, पेंटेकोस्टल असेंबली स्कूल सेक्टर 12, अय्यप्पा पब्लिक स्कूल, सेक्टर 5 के नन्हें कलाकारों ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य के माध्यम से दर्शकों में देशभक्ति का संचार किया। वहीं, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय चास की बच्चियों ने लघु नाटक का मंचन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल विद्यालयों के समन्वयक शिक्षकों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मौके पर जिला प्रशासन के सभी पदाधिकारी, आम जनता, प्राचार्य, शिक्षक, छात्र – छात्राएं उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *