Jharkhand CM Hemant Soren: झारखंड के मुख्यमंत्री ने बेरमो के चांपी अंबाटोला मैदान, चंदनकियारी स्थित महाल मैदान व गोमिया के कुर्कनालो मैदान में चुनावी जनसभा को किया संबोधित, कहा, भाजपा नेताओं में सांप से भी ज्यादा भरा हुआ है जहर।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता।

Bokaro/Tenughat: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा के नेता बंटेंगे तो कटेंगे का नारा देकर लोगों को बांटना चाहते हैं, लेकिन झारखंड के लोग न बंटेंगे न कटेंगे, बल्कि कूटेंगे। भाजपा नेताओं में सांप से भी ज्यादा जहर भरा हुआ है। उनके पिछले 5 वर्षों के कार्यकाल के दौरान केंद्र सरकार कई प्रकार के षड्यंत्र कर झारखंड सरकार को गिराने के लिए लगातार प्रयास करती रही। झूठे आरोप में फंसाकर मुझे जेल भी भेजा, लेकिन हम झुके नहीं। असम के मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा सरमा ने झारखंड में इंडिया गठबंधन की सरकार गिराने की सुपारी ले रखी है। झारखंड की जनता उनकी मंशा को नाकाम कर उनको 23 नवंबर को वापस असम भेज देगी। वे मंगलवार को तेनुघाट की निकटवर्ती चांपी पंचायत के अंबाटोला मैदान में बेरमो विधानसभा क्षेत्र के इंडिया गठबंधन सह कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां से पहले चंदनकियारी स्थित महाल मैदान में चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के इंडिया गठबंधन सह झामुमो प्रत्याशी उमाकांत रजक के पक्ष में और यहां के बाद गोमिया स्थित कुर्कनालो मैदान में गोमिया विधानसभा क्षेत्र के झामुमो उम्मीदवार योगेंद्र प्रसाद महतो के समर्थन में भी चुनावी जनसभा को संबोधित किया।

सत्ता पर आसीन भाजपा वाले बढ़ाते हैं महंगाई
मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि केंद्र की सत्ता पर आसीन भाजपा वाले महंगाई बढ़ाते हैं, जबकि हम झारखंड के लोगों को महंगाई की मार से बचाना चाहते हैं। केंद्र सरकार ने कई पूंजीपति व्यापारियों के अरबों रुपये का कर्ज माफ कर दिया, लेकिन किसानों-गरीबों के हित के लिए एक रुपया भी खर्च नहीं करती। भाजपा के लोग बेटी, रोटी व माटी की केवल बात करते हैं, जबकि हेमंत सोरेन जो बोलता है वो करता है। हमने मईयां योजना से महिलाओं व युवतियों को सम्मान देने का काम किया। उस योजना से 1000 रुपये प्रतिमाह से बढ़कर दिसंबर माह से 2500 रुपये मिलने लगेगा। हमने झारखंड के सभी लोगों का सारा बकाया बिल माफ कर दिया। पूरे झारखंड में बिजली 24 घंटे मिलेगी, लेकिन 200 यूनिट तक का बिल नहीं आएगा।

अगले पांच साल में महिलाएं हो जाएंगी आत्मनिर्भर

सीएम ने कहा कि हम झारखंड के लोगों को आर्थिक बोझ से निजात दिलाना चाहते हैं। अगले 5 वर्षों में झारखंड की सभी महिलाएं पूरी तरह आत्मनिर्भर हो जाएंगी। हमारी सरकार प्रत्येक महिला को एक-एक लाख रुपये देगी। हमारी सरकार ने जेएसएलपीएस से जुड़ी 30 लाख बहनों को 11 हजार करोड़ का क्रेडिट लिंकेज दिया। साथ ही 53 लाख महिलाओं व युवतियों को मंईयां सम्मान योजना से जोड़ा। हमारी सरकार ने 9 लाख बेटियों को किशोरी समृद्धि योजना का लाभ दिया। 40 लाख वृद्ध, विधवा, दिव्यांग को सर्वजन पेंशन योजना से जोड़ा। विधवा पेंशन के लिए उम्र घटाई। वृद्धा पेंशन अब महिलाओं को 50 वर्ष की आयु से ही मिल रही है। आने वाले समय में हम वृद्ध-विधवा पेंशन की राशि को बढ़ाकर 2500 रुपये प्रतिमाह करेंगे। पीडीएस से राशन प्रति व्यक्ति 5 किलो से बढ़ाकर हर माह 7 किलोग्राम देंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *