सार

-रांची से गिरिडीह आ रही बाबा सम्राट बस बराकर नदी में गिरी।
-घायलों का सदर अस्पताल व निजी अस्पताल में चल रहा है इलाज।
-घायलों को बस के अंदर से निकालने में स्थानीय लोगों ने की मदद।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह में शनिवार की रात करीब नौ बजे के आसपास बड़ी घटना हुई। राजधानी रांची से गिरिडीह आ रही बाबा सम्राट बस बराकर नदी में गिर गई। जिसमें संतोष अग्रवाल समेत तीन यात्रियों की मौत हो गई।
बताया जाता है कि बस में 25 से अधिक यात्री सवार थे। घटना के बाद करीब 12-13 घायल यात्रियों को सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां इनका इलाज किया जा रहा है। वहीं, कुछ घायलों को नवजीवन नर्सिंग होम व गोवर्धन लाल नर्सिंग होम में भी भर्ती कराया गया है। सदर अस्पताल पहुंचने पर संतोष अग्रवाल नामक आत्मा कर्मी समेत तीन यात्रियों की मौत हो गई है। बताया जाता है कि संतोष की पुत्री भी जख्मी है। वहीं, माणिक चंद गुप्ता और खलासी धनिया की मौत बराकर में ही हो गई थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुछ यात्रियों के बस में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को बस का शीशा और गेट तोड़कर निकाला गया।

खबर सुन पहुंचे विधायक व डीसी

हादसे की खबर मिलते ही गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा व एसपी दीपक कुमार शर्मा घटना स्थल पर पहुंचे। तुरंत राहत कार्य शुरू करवाया। हादसे की खबर मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी पहुंचे। पूर्व विधायक निर्भय कुमार शहाबादी, नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष राकेश मोदी सहित अन्य नेता सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले। यात्रियों को मदद करने में पुलिस प्रशासन के साथ स्थानीय लोगों ने भी मदद की। रात होने और नदी में पानी होने के चलते घायलों को निकालने में थोड़ी परेशानी हुई। बाद में रोशनी की व्यवस्था कर दो जेसीबी को राहत कार्य में लगाया गया। रात साढ़े दस बजे राहत कार्य खत्म हो गया।

घटना डुमरी रांची रोड़ पर

घटनास्थल गिरिडीह जिला मुख्यालय से लगभग 13 किमी दूर डुमरी रांची रोड पर है। बराकर नदी गिरिडीह और पीरटांड़ ब्लॉक को डिवाइड करता है। रांची से आने के क्रम में बस बराकर नदी के दायी ओर गिरी। बस गिरिडीह तक ही आ रही थी, इसलिए ज्यादातर यात्री गिरिडीह के हैं। सदर अस्पताल में काफी संख्या में गिरिडीह के लोग इक्कठा हो गये। बराकर नदी में जैसे ही बस गिरी आसपास के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घायलों को निकालने में ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *