Meting in Chalkari Basti : यह निर्णय बुधवार को चांदो प्रखंड निर्माण समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने चलकरी बस्ती में बैठक कर लिया। साथ ही बेरमो विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में प्रखंड निर्माण समिति की भूमिका पर गहन विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर आह्वान किया गया कि चांदो क्षेत्र की 12 पंचायतों के सभी मतदाता 20 नवंबर को अपने-अपने बूथों में जाकर मतदान जरूर करें।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro/Bermo: चांदो को प्रखंड बनाने वाले प्रत्याशी को आसन्न विधानसभा चुनाव में वोट दिया जाएगा। यह निर्णय बुधवार को चांदो प्रखंड निर्माण समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने चलकरी बस्ती में बैठक कर लिया। साथ ही बेरमो विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में प्रखंड निर्माण समिति की भूमिका पर गहन विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर आह्वान किया गया कि चांदो क्षेत्र की 12 पंचायतों के सभी मतदाता 20 नवंबर को अपने-अपने बूथों में जाकर मतदान जरूर करें। समिति के अध्यक्ष काशीनाथ केवट ने कहा कि पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में महत्वपूर्ण दलों के प्रत्याशियों ने वादा किया था कि चांदो प्रखंड का निर्माण करा दिया जाएगा। यहां तक कि कई मंत्री ने भी वादा किया था कि चांदो को प्रखंड का दर्जा दिलाया जाएगा, लेकिन बाद में इस सवाल पर वे सभी उदासीन बने रहे। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भी कई दलों के प्रत्याशियों ने पुनः वादा किया है, देखना है कि चुनाव के बाद वेलोग अपने इस वादे को निभाते हैं या नहीं?
स्थानीय ग्रामीणों की ओर से किए जा रहे आंदोलन
समिति के अध्यक्ष केवट ने कहा कि बेरमो विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पेटरवार प्रखंड की 10 पंचायतों एवं जरिडीह प्रखंड की बारू पंचायत और कसमार प्रखंड की सनपुरा पंचायत को मिलाकर चांदो प्रखंड के निर्माण की मांग के समर्थन में झारखंड बनने के बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों की ओर से जनतांत्रिक तरीके से आंदोलन किए जा रहे हैं, लेकिन बेरमो विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनता के इस जरूरी सवाल पर मुंह मोड़े रहे हैं। इसलिए इस बार के विधानसभा चुनाव में चांदो को प्रखंड निर्माण कराने का सच्चा वादा करने वाले प्रत्याशी को ही समर्थन दिया जाना चाहिए।समिति के कार्यकारी अध्यक्ष जनक प्रसाद भगत ने कहा कि चांदो प्रखंड बनने की सभी अर्हताएं पूरी करता है। चांदो प्रखंड सृजन होने से आसपास की 12 पंचायतों का अपेक्षित विकास होगा। साथ ही रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
झारखंड राज्य बनने के बाद 53 नए प्रखंडों का निर्माण
मुखिया राजेन्द्र नायक और अशोक मंडल ने कहा कि झारखंड राज्य बनने के बाद 53 नए प्रखंडों का निर्माण हुआ, लेकिन चांदो प्रखंड का सृजन नहीं हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। कुलदीप सिंह ने कहा कि चांदो भौगोलिक दृष्टिकोण से प्रखंड बन चुका है़, अब प्रशासनिक तौर पर मान्यता एवं कार्यान्वयन के लिए अगली सरकार बनते ही घोषणा की जानी चाहिए।
17 नवंबर को बैठक करने का निर्णय
समिति के सदस्य बसंत सोनी ने कहा कि जो प्रत्याशी चुनाव जीतकर क्षेत्र में बेरोजगारों को काम दे सके, उसे ही समर्थन दिया जाना चाहिए। इस बैठक के दौरान काफी बहस-मुबाहिसे के उपरांत भी किसी प्रत्याशी के पक्ष में सर्वसम्मति नहीं बन पाने के चलते पुनः 17 नवंबर को बैठक करने का निर्णय लिया गया। मौके पर नारायण प्रसाद, चुनीलाल केवट, विरेन्द्र करमाली, टेकलाल केवट, राजकुमार सिंह, खुशवंत सिंह, सुदामा गिरि, मो. जहांगीर, भास्कर नायक आदि ने भी अपने-अपने विचार रखे।
Leave a Reply