Petarvar: पेटरवार थाना क्षेत्र के ओरदाना पंचायत के सिसियारी मोड़ के निकट पेटरवार-तेनुघाट मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को दो बाइकों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना लगभग साढ़े तीन बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोला थाना क्षेत्र के रकुवा गांव निवासी बीरबल चौधरी (55 साल) खुट्टा बाबा मंदिर से पूजा अर्चना कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी क्रम में विपरीत दिशा से आ रहे उक्त थाना क्षेत्र के चोकाद गांव निवासी सुनील घांसी (43 साल) व जीतू घांसी (35 वर्ष) बाइक से फुसरो जा रहे थे।सिसियारी मोड़ के समीप दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गयी। जिससे बीरबल की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी। वहीं, सुनील घांसी व जीतू घांसी गिरकर घायल हो गये। घायलों को 108 एम्बुलेंस से पेटरवार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सा प्रभारी डॉ कुंदन राज ने बीरबल को मृत घोषित कर दिया। जबकि गम्भीर रूप से घायल सुनील को सदर अस्पताल बोकारो रेफर कर दिया गया। सुनील के माथे पर गंभीर चोटें आई है, जिसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पेटरवार थाना प्रभारी विनय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया गया।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *