Rotary Club Chas: रोटरी क्लब चास के सहयोग से डॉ एस राधाकृष्णन बीएड कॉलेज में दंत जांच शिविर का किया गया आयोजन। डॉ अमरेश ने कहा—मुंह और दांतों से संबंधित बीमारियों से पेट व दिल पर भी पड़ता है असर।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता

Bokaro : रोटरी क्लब चास (Rotary Club Chas) के सहयोग से डॉ एस राधाकृष्णन बीएड कॉलेज में शुक्रवार को दंत जांच शिविर का आयोजन किया गया। जांच शिविर में कई छात्र-छात्राओं के दांतों में समस्या पाई गई।
दंत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कॉलेज में अध्यनरत सभी छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को दांतों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। बोकारो एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश कोठारी ने सभी डॉक्टरों, आगुन्तको, स्कूल के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि जांच शिविर से छात्र-छात्राओं में अपने दांतों व स्वास्थ्य के प्रति नई चेतना विकसित होगी।

दांत संबंधी बीमारियों से पेट व दिल पर असर
इस अवसर पर दंत रोग विशेषज्ञ डॉ अमरेश ने छात्र-छात्राओं को सुबह शाम नियमित रूप से सफाई करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मुंह और दांतों से संबंधित बीमारियों से पेट व दिल पर भी असर पड़ता है, इसलिए हर व्यक्ति को छह माह में एक बार विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा जांच करवानी चाहिए।

दांत हमारे शरीर का अहम हिस्सा
दंत चिकित्सक डॉ संजीव ने कहा की दांत हमारे शरीर का अहम हिस्सा है। इसकी सुंदरता के साथ-साथ पाचन शक्ति पर भी दातों की बीमारी का असर पड़ता है। लोगों को असहनीय पीड़ा भी सहन करनी पड़ती है, इसलिए दांतों की सफाई अत्यावश्यक है। रोटरी क्लब चास के संस्थापक अध्यक्ष संजय बैद ने कहा स्वस्थ तन से ही स्वस्थ मन होगा, जिससे छात्रगण मन लगाकर अध्यापन कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारे दांत ठीक रहेंगे तो हम पूर्ण स्वस्थ रह सकते हैं।

शिविर के आयोजन से समाज में आती है जागरूकता
रोटरी क्लब की अध्यक्ष पूजा बैद व सचिव डिंपल कौर ने संयुक्त रूप से कहा कि ऐसे शिविर के आयोजन से समाज में जागरूकता आती है। पूजा ने कहा की लोगों को स्वस्थ रहने के प्रति प्रेरणा मिलती है। डिंपल कौर ने कहा कि रोटरी क्लब अपने सामाजिक दायित्व के प्रति सदैव सचेष्ट रहता है। धन्यवाद ज्ञापन बीएड कॉलेज के सचिव विनय सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि इससे सैकड़ो छात्र लाभान्वित हुए हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के गुलाम रसूल अंसारी, सुनीता कुमारी, आरती कुमारी, कुमारी चायना डे, सुरेश कुमार साव, हरेंद्र कुमार साव,सुबिनय कुमार सेन,शिव कुमार डांगी, हरिहर, रोटरी क्लब के मंजीत सिंह, मुकेश अग्रवाल सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *